हांगझोउ में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है. सोमवार (27 जुलाई) को महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत की स्टार निशानेबाज ईशा सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया. वहीं, दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने कांस्य पदक अपने नाम कर भारत की सफलता में एक और उपलब्धि जोड़ दी.
विश्व रिकॉर्ड धारक ईशा सिंह ने फाइनल में शुरुआत से ही बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने पूरे मुकाबले में शानदार सटीकता का परिचय देते हुए 50 शॉट्स में 40 अंक हासिल किए और स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया. फाइनल में उन्होंने मेजबान चीन की युयुए झांग को तीन अंकों के अंतर से पछाड़ा. झांग ने 37 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया.
दूसरी ओर, मनु भाकर ने कांस्य पदक के मुकाबले में उत्तर कोरिया की ह्योन ग्योंग पाक का सामना किया. दोनों निशानेबाजों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. मुकाबला डबल शूटऑफ तक पहुंचा, जहां मनु भाकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.

ईशा सिंह के स्वर्ण और मनु भाकर के कांस्य पदक के साथ भारत के खाते में अब इस वर्ल्ड कप में कुल तीन पदक हो गए हैं. इससे पहले भारतीय निशानेबाज सैन्यम ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला था.

मौजूदा पदक तालिका में मेजबान चीन 14 पदकों, जिनमें छह स्वर्ण शामिल हैं, के साथ शीर्ष स्थान पर बना हुआ है. वहीं भारत तीन पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है. भारतीय निशानेबाजों का लगातार शानदार प्रदर्शन आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और बड़े टूर्नामेंटों के लिए भी सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.


