दिल्ली-NCR में सोमवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ले ली, जब तेज धूलभरी आंधी और बारिश ने राजधानी समेत आसपास के इलाकों को प्रभावित किया। पालम मौसम केंद्र में हवा की रफ्तार 92 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जो इस सीजन की सबसे तेज आंधियों में शामिल है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हालात को देखते हुए दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, तेज हवाओं के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला अगले कुछ घंटों तक जारी रह सकता है। कई इलाकों में दृश्यता भी काफी कम हो गई, जिससे सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हुआ।
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। तेज हवाओं के चलते पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें भी सामने आई हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है, क्योंकि खराब मौसम के चलते कुछ उड़ानों में देरी की आशंका है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 जून तक दिल्ली-NCR में इसी तरह का बदला हुआ मौसम बना रह सकता है। इससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। वहीं, मॉनसून के 25 से 30 जून के बीच दिल्ली पहुंचने की संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, कमजोर पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें और जरूरी होने पर ही बाहर निकलें।




