डोनेशिया के कालीमंतन प्रांत में एक दर्दनाक हेलिकॉप्टर हादसा हुआ है। गुरुवार सुबह उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद हेलिकॉप्टर का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया। शुक्रवार को अधिकारियों ने पुष्टि की कि हेलिकॉप्टर में सवार सभी 8 लोगों की मौत हो चुकी है।

5

हादसे के बाद राहत और बचाव दल को मौके तक पहुंचने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, क्योंकि क्षेत्र घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों से घिरा हुआ है। रेस्क्यू टीम को हेलिकॉप्टर के मलबे का एक हिस्सा, जिसे पूंछ बताया जा रहा है, आखिरी संपर्क स्थान से करीब 3 किलोमीटर दूर मिला।

स्थानीय राहत एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद स्याफी ने बताया कि मौसम और कठिन भूभाग के कारण राहत अभियान धीमी गति से चल रहा है। सेना और पुलिस की मदद से जमीन के रास्ते घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलिकॉप्टर एक निजी एविएशन कंपनी का था और पाम ऑयल कंपनी के प्लांटेशन इलाके से उड़ान भरी थी। अभी तक हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है। तकनीकी खराबी, खराब मौसम या मानवीय चूक—सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
इंडोनेशिया में पहाड़ी और जंगलों वाले क्षेत्रों में एविएशन हादसे पहले भी सामने आते रहे हैं, जहां कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बन जाता है। इस हादसे ने एक बार फिर हवाई सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।