हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली थाना क्षेत्र में ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। टीडीआई कुंडली स्थित बीपीएल फ्लैट्स में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पति-पत्नी समेत तीन लोगों की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतकों की पहचान विजय, उसकी पत्नी सुनीता और स्वाति के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों पर किसी भारी और धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में वारदात को बेहद क्रूर बताया जा रहा है।
पुलिस को शक है कि इस हत्याकांड को ब्रह्मप्रकाश नामक व्यक्ति ने अंजाम दिया है, जो उसी इलाके में रहता था। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके को सील कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। स्थानीय लोगों के मुताबिक देर रात चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दी थीं।

तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


