पश्चिमी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-19 इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सेक्टर-19बी निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है। घटना 13 अप्रैल की दोपहर की है, जब अजीत अपने दोस्त इजराइल के साथ स्कूटी से दूध लेने जा रहा था। स्कूटी अजीत चला रहा था।

जैसे ही दोनों कॉलोनी से बाहर चौराहे के पास पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह कार लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर रूप से घायल अजीत को पहले इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक फिलहाल उपचाराधीन है।
द्वारका सेक्टर-23 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घायल के बयान और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान कर उसे जब्त कर लिया है। हालांकि, आरोपी चालक अभी तक फरार है और उसकी तलाश जारी है।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि वाहन नंबर स्पष्ट होने के बावजूद पुलिस कार्रवाई में देरी के कारण आरोपी फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।